दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल के नैनपुर रेलवे स्टेशन यार्ड पर रेलवे एवं 11वीं राष्ट्रीय आपदा मोचन/प्रतिक्रिया बल (NDRF), वाराणसी के साथ संयुक्त मॉक अभ्यास संपन्न

दपूमरे, नागपुर मंडल – 12 फरवरी 2026

रेलवे प्रशासन द्वारा आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और अधिक सुदृढ़, संगठित एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आज दिनांक 12 फरवरी 2026 को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के नैनपुर रेलवे स्टेशन यार्ड में रेलवे एवं 11वीं राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), वाराणसी के साथ एक संयुक्त मॉक अभ्यास (आपदा प्रबंधन ड्रिल) का सफल आयोजन किया गया।

यह मॉक अभ्यास नागपुर मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता की उपस्थिति, मार्गदर्शन एवं निर्देशन में संपन्न हुआ। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य संभावित रेल दुर्घटना अथवा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया, राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावशीलता तथा विभिन्न विभागों एवं बाहरी एजेंसियों के मध्य समन्वय का परीक्षण एवं मूल्यांकन करना था।

अभ्यास के अंतर्गत एक काल्पनिक रेल दुर्घटना की स्थिति निर्मित की गई, जिसमें दुर्घटनाग्रस्त रेलगाड़ी से यात्रियों को सुरक्षित निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार प्रदान करने, स्ट्रेचर के माध्यम से उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने तथा निकटवर्ती अस्पताल भेजने की संपूर्ण कार्यप्रणाली का वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप अभ्यास किया गया। इसके अतिरिक्त आग लगने की स्थिति, धुएं से बचाव, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा घेरा स्थापित करने एवं राहत दलों के बीच समन्वित संचार व्यवस्था का भी प्रभावी प्रदर्शन किया गया।

इस संयुक्त मॉक अभ्यास में रेलवे के परिचालन, इंजीनियरिंग, यांत्रिक, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार, चिकित्सा, वाणिज्य विभाग तथा रेलवे नागरिक सुरक्षा बल (सिविल डिफेंस) और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) इत्यादि विभागो के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। साथ ही 11वीं राष्ट्रीय आपदा मोचन/प्रतिक्रिया बल (NDRF), वाराणसी की प्रशिक्षित टीम द्वारा आधुनिक उपकरणों एवं तकनीकों के माध्यम से बचाव कार्यों का सफल संचालन किया गया।

मॉक अभ्यास के उपरांत नागपुर मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता ने घटना स्थल का निरीक्षण कर समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि –
“रेलवे यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। आपदा की स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के संयुक्त अभ्यास अत्यंत आवश्यक हैं। आज के अभ्यास में रेलवे एवं  राष्ट्रीय आपदा मोचन/प्रतिक्रिया बल (NDRF) के बीच उत्कृष्ट तालमेल एवं तत्परता का प्रदर्शन हुआ है। ऐसे अभ्यास हमारी तैयारियों को परखने के साथ-साथ संभावित कमियों की पहचान कर उन्हें दूर करने का अवसर प्रदान करते हैं। नागपुर मंडल भविष्य में भी इस प्रकार के नियमित अभ्यास आयोजित करता रहेगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों को त्वरित एवं सुरक्षित राहत उपलब्ध कराई जा सके।”

इस अवसर पर नागपुर मंडल के सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, मीडियाकर्मी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने इस मॉक अभ्यास की सराहना की।

रेलवे प्रशासन द्वारा पुनः यह प्रतिबद्धता दोहराई गई कि यात्रियों की सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु इस प्रकार के संयुक्त अभ्यास समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!