

बिलासपुर। ग्राम नकटी में गरीब परिवारों के घरों पर बुलडोजर चलाए जाने की घटना के विरोध में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने नेहरू चौक में प्रदर्शन कर पुतला दहन किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा और ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भीड़ अधिक होने के कारण पुलिस पुतला दहन रोक नहीं सकी।

प्रदर्शन के दौरान शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि बारिश के बीच बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के गरीब परिवारों के आशियानों पर बुलडोजर चलाना अमानवीय और निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों के हितों की अनदेखी कर रही है।
ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा कि कांग्रेस विधायकों ने स्पष्ट कर दिया है कि वे गरीबों का आशियाना उजाड़कर अपने लिए कोई नया आशियाना स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भी भेजा गया है।

पूर्व विधायक शैलेष पांडेय ने कहा कि नकटी में गरीबों के घरों को तोड़ना “इंसानियत पर बुलडोजर चलाने” जैसा है। वहीं पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी ने कहा कि कुछ ही पलों में गरीब परिवारों की पूरी दुनिया मलबे में तब्दील हो गई और उनके आंसुओं का जवाब सरकार को देना होगा।

प्रदर्शन में शैलेष पांडेय, सियाराम कौशिक, राजेंद्र शुक्ला, राजेंद्र साहू, प्रमोद नायक, जितेंद्र पांडे, शेख नजरुद्दीन, राकेश शर्मा, राजेश शुक्ला, आदित्य दीक्षित सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
