

बिलासपुर।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत सत्यम चौक स्थित आइवरी स्पा सेंटर से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां कार्यरत एक महिला ने स्पा सेंटर की संचालिका एवं मैनेजर पर जबरन अनैतिक कार्य के लिए दबाव बनाने, मानसिक प्रताड़ना देने और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि आइवरी स्पा सेंटर की संचालिका पूजा ढकाल एवं मैनेजर नीरू तमंग द्वारा उसे मासिक वेतन पर काम पर रखा गया था। आरोप है कि कुछ समय बाद उसकी इच्छा के विरुद्ध अवैध व अनैतिक गतिविधियों में शामिल होने के लिए उस पर दबाव बनाया जाने लगा। पीड़िता के अनुसार जब उसने इसका विरोध किया तो उसे बदनाम करने और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकियां दी गईं, जिससे वह मानसिक रूप से प्रताड़ित होती रही।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143(1)(2), 296, 351(3), 3(5) तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3(5) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में पीड़िता के कथन, उपलब्ध साक्ष्यों एवं अन्य तथ्यों के आधार पर जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
