

बिलासपुर।
बिलासपुर जिले में पुलिस की दृश्यता बढ़ाने और कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा नवीन बीट प्रणाली की शुरुआत की गई है। इस व्यवस्था के तहत शहरी क्षेत्रों में प्रत्येक बीट में तीन शिफ्ट में 24×7 घंटे पुलिस ड्यूटी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 8-8 घंटे की दो शिफ्टों में ड्यूटी व्यवस्था लागू की गई है। बेहतर संचालन के लिए इस बीट प्रणाली का मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) भी तैयार किया गया है।
इस नई व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन और आकलन के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को सरकंडा, सिविल लाइन एवं कोनी थाना क्षेत्रों के बीटों का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान सरकंडा थाना क्षेत्र के बीट क्रमांक 01 नूतन चौक, बीट क्रमांक 03 चिंगराजपारा तथा बीट क्रमांक 04 मोपका में तैनात जवानों से बीट प्रणाली के उद्देश्य, संरचना एवं कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा की गई।

बीट पर मौजूद जवानों ने बताया कि इस प्रणाली का मुख्य उद्देश्य थाना क्षेत्र में पुलिस की दृश्यता बढ़ाना, अपराधों की रोकथाम करना, प्रभावी कानून व्यवस्था बनाए रखना, आम नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित करना तथा अपराध नियंत्रण के लिए प्रारंभिक सूचना का संकलन करना है। इसके साथ ही क्षेत्र में बाहरी व्यक्तियों एवं मुसाफिरों की जानकारी रखना भी बीट प्रणाली का अहम हिस्सा है।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बीट आरक्षकों के रजिस्टरों का अवलोकन किया और क्षेत्र में नियमित रूप से आम नागरिकों से संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बीट क्षेत्र में चोरी जैसी घटनाओं की संभावना वाले इलाकों में सघन पेट्रोलिंग करने, असामाजिक तत्वों के अड्डों पर विशेष नजर रखने तथा स्थानीय स्तर की समस्याओं की जानकारी समय पर एकत्र करने पर जोर दिया।
इसके अलावा बीट आरक्षकों को छोटे-छोटे समूहों में स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर बीट प्रणाली की जानकारी देने, पुलिस की उपलब्धता के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा अधिकारियों के माध्यम से आम जनता से संवाद बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस प्रशासन का मानना है कि आदर्श बीट प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन से बीट में तैनात आरक्षकों की पहचान धीरे-धीरे आम नागरिकों के बीच स्थापित होगी, जिससे पुलिस की उपलब्धता अधिक सुलभ बनेगी और थानों तथा फील्ड दोनों स्तरों पर जनता के लिए पुलिस सेवाएं और अधिक सुगम हो सकेंगी।
