गुंडागर्दी के वायरल वीडियो पर बेलगहना पुलिस का त्वरित प्रहार, आदतन बदमाश गिरफ्तार


बिलासपुर।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे गुंडागर्दी के वीडियो को गंभीरता से लेते हुए बेलगहना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सार्वजनिक स्थान पर अश्लील गाली-गलौज कर दुकानदार को डराने-धमकाने के मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया।
जानकारी के अनुसार, 04 फरवरी 2026 को ग्राम भनवारटंक में एक व्यक्ति द्वारा दुकान में घुसकर अश्लील गाली-गलौज एवं धमकी देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वायरल वीडियो के वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आते ही पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कोटा नुपुर उपाध्याय के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए।


पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मो. आसिफ खान उर्फ लवि खान (उम्र 30 वर्ष), निवासी आमागोहन खोंगसरा, चौकी बेलगहना, थाना कोटा द्वारा सार्वजनिक स्थान पर अश्लील गाली-गलौज कर दुकान संचालक को डराया-धमकाया गया था। इस संबंध में पीड़िता के पुत्र मनोज कुमार नेटी, निवासी भनवारटंक की रिपोर्ट पर दिनांक 06 फरवरी 2026 को अपराध क्रमांक दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
बेलगहना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी की पतासाजी कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2), 115(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया, वहीं पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए धारा 170, 126, 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत भी कार्यवाही की गई।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पूर्व में भी मारपीट, बलात्कार तथा अश्लील वीडियो वायरल करने जैसे गंभीर मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी और अराजकता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक हेमंत सिंह, सहायक उप निरीक्षक मोतीलाल सूर्यवंशी, आरक्षक धीरज जायसवाल, अंकित जायसवाल एवं ईश्वर नेताम की विशेष भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!