

बिलासपुर।
आपरेशन प्रहार के तहत जुआ-सट्टा के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक सटोरिये को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टा-पट्टी और 730 रुपये नकद जप्त किए हैं। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेज एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टिकरापारा कंसा चौक क्षेत्र में सट्टा खिलाया जा रहा है। सूचना पर दबिश देकर आरोपी शेख रमजान उर्फ गग्गा (25 वर्ष) निवासी टिकरापारा कंसा चौक को अंकों में रुपये-पैसों का दांव लगाकर सट्टा लिखते हुए पकड़ा गया।

आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 85/26 धारा 6(क) छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

इसके अलावा थाना क्षेत्र में अशांति फैलाने और लगातार अनुपस्थित रहने वाले दो गुंडा बदमाशों दीप श्रीवास निवासी मन्नू चौक टिकरापारा और राहुल सिंह निवासी कतियापारा उदई चौक के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आपरेशन प्रहार के तहत आगे भी सट्टा, जुआ और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगा।
