
बिलासपुर। तोरवा थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित सट्टा किंग किशन चंद बजाज समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नकदी, मोबाइल फोन, प्रिंटर, एक स्कॉर्पियो और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध जुआ और ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि साईधाम कॉलोनी, तोरवा स्थित मकान में ऑनलाइन सट्टे का संचालन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर तोरवा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने दबिश देकर चार लोगों को ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में किशन चंद बजाज (66) निवासी साईधाम कॉलोनी, तोरवा, दिनेश कुमार वाधवानी (39) निवासी फजलबाड़ा, भैयालाल सोनकर (39) निवासी आरपीएफ कॉलोनी, सिरगिट्टी तथा मनोहर लाल खत्री (63) निवासी साईधाम कॉलोनी, तोरवा शामिल हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 50,690 रुपये नकद, 7 टच स्क्रीन मोबाइल, 4 कीपैड मोबाइल, एक प्रिंटर, स्कॉर्पियो वाहन (सीजी 04 पीडब्ल्यू 3311) और एक मोटरसाइकिल (सीजी 11 सीडी 0570) जब्त की है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6 एवं 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112 के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
