

बिलासपुर।
जनहित और भरोसे की मिसाल पेश करते हुए बिलासपुर पुलिस ने ‘‘अर्पण – आपकी एक आस, आपकी अमानत आपके पास’’ अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। इस अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए 100 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपए है, बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए।
बिलासपुर जिले में मोबाइल गुम होने की प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर प्रभारी ए.सी.सी.यू. एवं जिले के सभी थाना प्रभारियों को सूची तैयार कर तकनीकी आधार पर खोजबीन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे।
पुलिस द्वारा चलाए गए एक माह के विशेष अभियान में बिलासपुर शहर, जिले की सीमाओं से लगे क्षेत्रों के साथ-साथ अन्य जिलों एवं राज्यों से भी 100 मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कई मोबाइल दूरस्थ जिलों और अन्य प्रदेशों में सक्रिय पाए गए हैं, जिनकी बरामदगी के लिए पृथक अभियान जारी है।
160 से अधिक लोग रहे उपस्थित
मोबाइल वितरण कार्यक्रम के दौरान करीब 160 नागरिक उपस्थित रहे। अपने गुम हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई और उन्होंने बिलासपुर पुलिस के इस प्रयास की सराहना की।
साइबर ठगी से बचाव की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री उमेश पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री रामगोपाल करियरे, नगर पुलिस अधीक्षक श्री निमितेश सिंह, प्रभारी ए.सी.सी.यू. श्री हेमंत आदित्य एवं साइबर एक्सपर्ट उप निरीक्षक प्रभाकर तिवारी ने उपस्थित नागरिकों को वर्तमान में प्रचलित साइबर ठगी के नए तरीकों के बारे में जागरूक किया।
उन्होंने डिजिटल अरेस्ट, वीडियो कॉल के जरिए सेक्सटॉर्शन, व्हाट्सएप डीपी बदलकर ठगी, बिटकॉइन, टूरिज्म प्लान, कस्टमर केयर के नाम पर ठगी, ऑनलाइन लोन एप सहित अन्य साइबर अपराधों से बचने के उपाय साझा किए।
पूरी पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस सफल अभियान में ए.सी.सी.यू. बिलासपुर एवं जिले के समस्त थानों की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल संबंधित थाने में सूचना दें तथा साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहें।
