

बिलासपुर।
पैसे दुगुना (झरन) करने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बिल्हा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पीड़ित से 2 लाख 50 हजार रुपए लेकर उसे 2 करोड़ रुपए बनाने का लालच दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 85 हजार रुपए नकद भी जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना बिल्हा में अपराध क्रमांक 78/2026 धारा 318(4), 3(5), 61(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ऐसे हुआ ठगी का खुलासा
प्रार्थी शिव कुमार चेरवा (52 वर्ष) निवासी शरडी पांडूपारा, चर्चा थाना चर्चा जिला कोरिया (बैकुंठपुर) ने दिनांक 03 फरवरी 2026 को थाना बिल्हा में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि गुरुजी, सरपंच रिखीराम नवरंग, विमला बाई, बृहस्पति बाई, बृजबाई गोड और उनके ड्राइवर विजय राज ने एक राय होकर झरन (पैसा दुगुना) करने के नाम पर उससे 2.50 लाख रुपए ले लिए और ठगी कर ली।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा श्री डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बिल्हा द्वारा तत्काल पुलिस टीम गठित की गई।
टीम ने आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें थाना लाकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें सभी आरोपियों ने प्रार्थी से झरन के नाम पर रकम लेकर ठगी करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी
रिखीराम नवरंग (52 वर्ष), निवासी सम्बलपुरी, थाना बिल्हा, जिला बिलासपुर
विजय राज (48 वर्ष), निवासी तिवरता, थाना दीपिका, जिला कोरबा
बृजबाई गोड (40 वर्ष), निवासी माचाडोली बांगो, थाना बांगो, जिला कोरबा
विमला बाई (32 वर्ष), निवासी बिंझरा, थाना कटघोरा, जिला कोरबा
बृहस्पति बाई गोड (35 वर्ष), निवासी जुराली नगोई, थाना कटघोरा, जिला कोरबा
पुलिस ने आरोपियों से ठगी की रकम में से 1,85,000 रुपए नकद जब्त कर लिए हैं। सभी आरोपियों को 03 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इनकी रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक अवनीश पासवान, प्र.आर. 102 अमर चंद्रा, प्र.आर. 786 अनिल बंजारे, आरक्षक अर्जुन जांगड़े, संतोष मरकाम, महिला आरक्षक सुनीता पाटले एवं चंदा यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि पैसे दुगुना करने, चमत्कार या तंत्र-मंत्र के नाम पर किए जा रहे झांसे से सावधान रहें और ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
