हेमूनगर के होटल में चोरी करते रंगे हाथ पकड़ा गया चोर


बिलासपुर।
शहर के तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत हेमूनगर चौक स्थित मालाकार स्वीट्स में बीती रात चोरी की वारदात सामने आई, जहां एक चोर को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी चोरी का सामान ठेले में लादकर ले जाने की फिराक में था, लेकिन भागने से पहले ही मोहल्ले के लोगों ने उसे दबोच लिया।
होटल संचालक गौतम मालाकार ने बताया कि वे 30 जनवरी की रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात लगभग 3 बजे उनके परिचित रोहित का फोन आया, जिसमें दुकान का ताला तोड़कर चोरी किए जाने की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही गौतम अपनी बहन अंजली के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि चोर ने दुकान के लोहे के पल्ले वाले दरवाजे को क्षतिग्रस्त कर दिया था। आरोपी ठेले में लोहे के तीन रिंग, एक एलईडी टीवी और एक पुरानी साइकिल समेत अन्य सामान रख चुका था और फरार होने की तैयारी में था। इसी दौरान मोहल्ले के लोगों ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान निशार खान निवासी चुचुहियापारा, सिरगिट्टी क्षेत्र के रूप में हुई है। दुकान संचालक की शिकायत पर तोरवा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!