जांजगीर-चांपा ब्रेकिंग: पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, मास्टरमाइंड रामनाथ के पैर में लगी गोली, 9 आरोपी गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा। जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले दुर्दांत अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी और आक्रामक कार्रवाई करते हुए 2 रातों में 5 स्थानों पर लूटपाट और हत्या के प्रयास की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस मुठभेड़ में गिरोह के मास्टरमाइंड रामनाथ के पैर में गोली लगी है, जबकि कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार 27 और 29 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात थाना शिवरीनारायण और पामगढ़ क्षेत्र में बदमाशों ने सुनसान इलाकों में राहगीरों को रोककर रॉड, डंडा और लोहे के पाइप से प्राणघातक हमला कर लूटपाट की। इन घटनाओं में 13 आम नागरिक घायल हुए, जिनमें से 2 की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज बिलासपुर व रायपुर के अस्पतालों में जारी है, जबकि एक पीड़ित कोमा में है।


घेराबंदी के दौरान फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल
लगातार हो रही घटनाओं के बाद पुलिस ने सघन घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान गिरोह के मास्टरमाइंड रामनाथ ने पुलिस से बचने के लिए देशी कट्टे से फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में रामनाथ के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बरामद हुआ हथियारों और लूट का बड़ा जखीरा
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त
स्टील के रॉड, लोहे के पाइप, डंडे, बेल्ट
5 मोटरसाइकिल, 1 स्कूटी
10 मोबाइल फोन
नगद राशि
सहित कुल ₹4,09,000/- की संपत्ति जब्त की है।


आरोपियों का खौफनाक तरीका
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर रात के समय सुनसान और अंधेरे रास्तों पर मोटरसाइकिल से घूमते थे। राह चलते लोगों को रोककर सीधे सिर पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल करते और फिर मोबाइल व नकदी लूटकर फरार हो जाते थे। उनका उद्देश्य क्षेत्र में दहशत फैलाना था।
कई धाराओं में अपराध दर्ज, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पुलिस ने थाना शिवरीनारायण और पामगढ़ में दर्ज विभिन्न मामलों में BNS की गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में राहत और पुलिस की सख्त छवि मजबूत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!