

बिलासपुर।
सरकंडा थाना क्षेत्र में लूटपाट कर दहशत फैलाने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों और दो विधि से संघर्षरत नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए मोबाइल फोन और नगद रकम बरामद की गई है। पुलिस ने मामले में संगठित अपराध की धाराएं जोड़ते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
थाना सरकंडा में दर्ज अपराध क्रमांक 72/2026 के अनुसार, पीड़ित रामगोपाल तिवारी (55), निवासी अशोक नगर, 14 जनवरी की रात करीब 9.30 बजे बगदई मंदिर में नवधा रामायण पाठ कर साइकिल से घर लौट रहे थे। महर्षि कश्यप नगर कॉलोनी के पास चार युवकों ने उन्हें घेर लिया, गाली-गलौज करते हुए साइकिल रोक दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर जियो मोबाइल तथा जेब में रखे एक हजार रुपए लूट लिए। आरोपियों ने रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुज कुमार और सीएसपी निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर 18 जनवरी को अशोक नगर अटल आवास परिसर में घेराबंदी कर चारों को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में करन यादव उर्फ केडी (19) और दुर्गेश साहू उर्फ मुंडा (20) ने अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर क्षेत्र में कई लूट की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों के पास से जियो मोबाइल, रेडमी मोबाइल और नगद रकम बरामद की गई, जो रामगोपाल तिवारी के अलावा खमतराई निवासी सुधीर श्रीवास से लूटी गई थी।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लूट और धमकी सहित संगठित अपराध की धाराओं में कार्रवाई करते हुए सभी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
