
शशि मिश्रा

बिलासपुर।
थाना सिरगिट्टी अंतर्गत ग्राम पंचायत धुमा के पटेल पारा में एक 25 वर्षीय विवाहिता का शव घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान रामकुमारी पटेल पति शिव कुमार पटेल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या कर आत्महत्या का रूप देने की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, रामकुमारी पटेल का शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। इसकी सूचना मृतका के देवर संदीप पटेल ने सिरगिट्टी थाने में दी। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की, हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि रामकुमारी को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका कहना है कि उसकी हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया है। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। बताया जा रहा है कि मृतका का विवाह करीब पांच वर्ष पूर्व हुआ था और उसकी एक छोटी पुत्री है। सूत्रों के अनुसार बच्ची ने घटना को लेकर कुछ बताने की कोशिश भी की, लेकिन कम उम्र होने के कारण वह स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकी।
घटना की जानकारी गांव के सरपंच और ग्रामीणों को भी तब मिली, जब पुलिस मौके पर पहुंची। इससे पहले गांव में किसी को इस घटना की भनक तक नहीं थी।
वहीं, पुलिस के एक अन्य पक्ष के अनुसार प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद का मामला भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि मृतका का पति शराब पीने का आदी था और आए दिन पति-पत्नी के बीच विवाद होता रहता था। घटना वाले दिन भी सुबह दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। रात में महिला अपने कमरे में सोने चली गई और सुबह उसका शव फंदे पर लटका मिला। पुलिस के मुताबिक शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं और प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी से मौत होना सामने आया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मायके पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों, घरेलू विवाद और अन्य तथ्यों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम की अंतिम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
