

रायपुर/बिलासपुर।
सीएमडी कॉलेज के चेयरमैन संजय दुबे शनिवार को औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। ओपन यूनिवर्सिटी स्थित हेलीपैड में आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें भाजपा का दुपट्टा पहनाकर पार्टी की सदस्यता दिलाई। इसी दौरान जब मुख्यमंत्री साय को पता चला कि शनिवार को दुबे का जन्मदिन भी है, तो उन्होंने उन्हें मिठाई खिलाकर जन्मदिन एवं पार्टी प्रवेश—दोनों की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में डिप्टी सीएम अरुण साव, विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह और सुशांत शुक्ला सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
मोदी और साय की कार्यशैली से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुआ : संजय दुबे
पार्टी प्रवेश के बाद संजय दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाई है। देश-प्रदेश में विकास की जो रफ्तार दिखाई दे रही है, उसने उन्हें भाजपा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की गारंटी के साथ-साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की जनकल्याणकारी नीतियों ने छत्तीसगढ़ में हर वर्ग को नई ऊर्जा दी है।
दुबे ने कहा कि वे संगठन की नीतियों एवं मार्गदर्शन में समाज व शिक्षा क्षेत्र के विकास के लिए पूर्ण समर्पण के साथ काम करेंगे।
छितानी-मितानी दुबे परिवार की समाजसेवी विरासत
संजय दुबे प्रतिष्ठित छितानी-मितानी दुबे परिवार से आते हैं, जिनका बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में समाज सेवा का लम्बा इतिहास रहा है। परिवार द्वारा गोलबाजार में छितानी-मितानी धर्मशाला, धर्मादा औषधालय, मंदिर और दुबे को-ऑपरेटिव बैंक की स्थापना की गई थी। इसके अलावा बद्रीनाथ में भी धर्मशाला का निर्माण इसी परिवार द्वारा कराया गया।
स्वतंत्रता के बाद वर्ष 1956 में जिले में सीएमडी कॉलेज की स्थापना भी दुबे परिवार ने ही की थी, जो आज क्षेत्र का प्रमुख शैक्षणिक संस्थान माना जाता है।
संबंधित नेताओं ने संजय दुबे के पार्टी में शामिल होने को भाजपा के लिए एक सकारात्मक कदम बताते हुए कहा कि उनके अनुभव और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से पार्टी को मजबूती मिलेगी।
