

बिलासपुर। आगामी छठ पर्व के मद्देनज़र कानून व्यवस्था बनाए रखने पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में सरकंडा पुलिस ने शिवघाट बैराज के पास उपद्रव कर रहे सात बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी के पास से बटनदार चाकू बरामद किया गया है। आरोपी पर आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है, जबकि अन्य छह आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्यवाही की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भापुसे) के निर्देश पर शहर में निरंतर गश्त एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल और सीएसपी निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर 2025 की रात पुलिस को सूचना मिली कि शिवघाट बैराज के पास कुछ युवक उपद्रव कर रहे हैं और एक युवक चाकू लहराकर लोगों को धमका रहा है। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
- कान्हा रजक (19 वर्ष), निवासी माताचौरा पुराना सरकंडा
- महावीर नेताम (26 वर्ष), निवासी पुराना सरकंडा
- रिगु ठाकुर (23 वर्ष), निवासी नया सरकंडा
- राज पाली उर्फ सोमू (22 वर्ष), निवासी बंगालीपारा
- सागर काले उर्फ बौना (20 वर्ष), निवासी चटर्जी गली नया सरकंडा
- लक्की यादव (23 वर्ष), निवासी चटर्जी गली नया सरकंडा
- लक्की साहू (19 वर्ष), निवासी सुभाष चौक सरकंडा
मुख्य आरोपी कान्हा रजक के पास से पुलिस ने बटनदार चाकू जब्त किया है। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 1491/2025 दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है, जबकि अन्य छह आरोपियों पर शांति भंग की आशंका में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडेय ने बताया कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में उपद्रव या अशांति फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। ऐसे बदमाश प्रवृत्ति के लोगों पर भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
