
शशि मिश्रा

पारिवारिक विवाद में कुछ लोगों ने एक राय होकर महिला ई रिक्शा चालक पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर हरसिंगार अटल आवास एम ब्लॉक में रहने वाली दुर्गा साहू ई रिक्शा चलती है। गुरुवार रात को वह अपने ई रिक्शा को पानी डालकर धो रही थी, इस दौरान वहां रजिया अपने पति रवि के साथ पहुंची और गाली गलौज करते हुए झगड़ा शुरू कर दिया। रजिया यह कहने लगी कि उसकी जेठानी निशा की जिंदगी दुर्गा साहू खराब कर रही है क्योंकि उसका पति गोलू खुरसैल को उसने अपने घर में पनाह दिया है। इसी बात पर उन लोगों ने दुर्गा साहू के साथ मारपीट की। रजिया के साथ रवि साहू ने भी महिला के साथ मारपीट की, जिससे उसके हाथ, पीठ गर्दन और शरीर में चोट आई है। मारपीट की जानकारी गोलू को भी दी गई, जिसके कारण यह मारपीट हुई थी। उसके बाद महिला ने सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रजिया और रवि के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया है।
