

बिलासपुर – सरकंडा पुलिस द्वारा अवैध नशीली सिरप की आपूर्ति करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मामले में झारखंड देवघर स्थित नवचेतन मेडिकल एजेंसी के संचालक कृष्ण कुमार बरनवाल को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को ईंड-टू-ईंड विवेचना के तहत देवघर से दबिश देकर पकड़ा गया।
इससे पहले दिनांक 09.03.2025 को मुखबिर की सूचना पर ऊर्जा पार्क, राजकिशोर नगर क्षेत्र में घूम-घूमकर नशीली सिरप बेचते अथर्व सौम्य सिंह एवं एक नाबालिग को पकड़ा गया था। उनके कब्जे से 55 नग प्रतिबंधित कफ सिरप (कीमत ₹10,725) बरामद की गई थी। मामले की गहन विवेचना में यह खुलासा हुआ कि आरोपी टानू उर्फ तानु उर्फ भांचा महंत झारखंड के राज मेडिकल संचालक रितुराज सिंह के माध्यम से ऑनलाइन रकम ट्रांसफर कर सिरप मंगवाता था।
विवेचना के दौरान रितुराज सिंह के मोबाइल एवं बैंक खातों की जांच से यह स्पष्ट हुआ कि वह नवचेतन मेडिकल एजेंसी, देवघर के संचालक कृष्ण कुमार बरनवाल से संपर्क कर प्रतिबंधित सिरप की आपूर्ति करवा रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशन में, अति. पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री राजेन्द्र जायसवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा श्री सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित की गई। टीम में उप निरीक्षक अवधेश सिंह तथा आरक्षक नमीत सोनी एवं राकेश यादव शामिल रहे, जिन्होंने देवघर (झारखंड) जाकर लक्ष्मी मार्केट में दबिश दी।
दबिश के दौरान आरोपी कृष्ण कुमार बरनवाल, उम्र 55 वर्ष, निवासी कास्टर टाउन, थाना नगर, जिला देवघर, झारखंड ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, परंतु दस्तावेजों की जांच में वह नवचेतन मेडिकल एजेंसी का संचालक पाया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जप्त किया गया।
आरोपी को दिनांक 07.07.2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। प्रकरण में संलिप्त सभी आरोपियों की गिरफ्तारी कर नशीली दवाओं की आपूर्ति चैन को तोड़ने की दिशा में यह एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
