
शशि मिश्रा

बिलासपुर। बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत ईमलीभाठा इलाके में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए जेवर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ईमलीभाठा एकता समिति शिव मंदिर के सामने रहने वाले रियल एस्टेट कारोबारी सरोज कुमार साहू ने पुलिस को बताया कि 2 मार्च 2026 की शाम करीब 6:30 बजे वे होली का त्योहार मनाने परिवार के साथ अपने गृहग्राम लखनपुर चले गए थे। घर में ताला लगाकर जाने के बाद 6 मार्च की रात करीब 8 बजे जब वे वापस लौटे तो घर का मुख्य गेट खोलकर अंदर पहुंचे।
अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि सामने के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और दरवाजा खुला पड़ा था। घर के तीनों कमरों के दरवाजे खुले मिले और सामान बिखरा हुआ था। पूजा कक्ष में रखी आलमारी का ताला भी टूटा हुआ था। जांच करने पर आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर, टीवी और नकदी गायब मिले।
चोरी हुए सामान में करीब 15 ग्राम का सोने का हार, 10 ग्राम का मंगलसूत्र, दो सोने की अंगूठियां, बच्चे का सोने का लॉकेट, चांदी की पायल, 24 इंच की Videocon कंपनी की एलईडी टीवी, बच्चे की स्मार्ट वॉच, एक घड़ी और 22 हजार रुपये नकद शामिल हैं। कुल मिलाकर करीब 2 लाख 5 हजार रुपये का सामान चोरी हो गया।
घटना की जानकारी उन्होंने रिश्तेदारों को दी। वहीं पत्नी की तबीयत खराब होने के कारण इलाज में व्यस्त रहने से तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं करा पाए। बाद में सरकंडा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 305 (ए) और 331 (4) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
