सावन माह में होगा भव्य अनुष्ठान: बघर्रा पाठ महाराज भगवान नृसिंह देव नाथ मंदिर में तैयारियां जोरों पर

बिलासपुर जिले के ग्राम हांफा स्थित प्राचीन और सिद्ध बघर्रा पाठ महाराज भगवान नृसिंह देव नाथ मंदिर में इस बार सावन माह में विशेष धार्मिक आयोजन की भव्य तैयारी की जा रही है। मंदिर के आचार्य पंडित धनेश उपाध्याय जी ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचांग के अनुसार वर्ष 2025 में सावन का पावन महीना 11 जुलाई से प्रारंभ होकर 9 अगस्त 2025 तक चलेगा। इस पावन माह में मंदिर प्रांगण में विशेष अनुष्ठानों, पूजा-पाठ और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

विशेष रूप से 9 अगस्त 2025 का दिन अत्यंत शुभ रहेगा, क्योंकि इसी दिन रक्षाबंधन का पावन पर्व और भगवान नृसिंह देव जी का स्थापना दिवस एक साथ मनाया जाएगा। इसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। मंदिर समिति के अनुसार, इस दिन विशाल भंडारे, विशेष हवन, रुद्राभिषेक और रात्रिकालीन भजन-संध्या का आयोजन किया जाएगा। क्षेत्रभर से हजारों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।

नृसिंह पूजा के लाभ

आचार्य धनेश उपाध्याय जी ने बताया कि सावन के महीने में भगवान नृसिंह देव की पूजा का विशेष महत्व है। यह पूजा भय, संकट, नकारात्मक शक्तियों और दुर्भाग्य से मुक्ति दिलाती है। नृसिंह देव की कृपा से संतानहीन दंपत्तियों को संतान की प्राप्ति होती है। साथ ही, यह पूजा जीवन में सुख, समृद्धि और आध्यात्मिक शक्ति प्रदान करती है।

माना जाता है कि भगवान नृसिंह देव की पूजा से शत्रुओं पर विजय प्राप्त होती है और कोर्ट-कचहरी जैसे जटिल मामलों में सफलता मिलती है। यदि किसी व्यक्ति या जानवर की यात्रा के दौरान असमय मृत्यु हो जाती है, तो उसका समाधान और शांति नृसिंह देव की कृपा से संभव है।

क्षेत्र में श्रद्धा का केंद्र

बघर्रा पाठ महाराज मंदिर क्षेत्र में आस्था का प्रमुख केंद्र है। सावन के महीने में यहां दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचते हैं। मंदिर समिति ने बताया कि इस बार सुरक्षा, स्वच्छता, और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विशेष व्यवस्था की जा रही है।

मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सावन माह के इस पावन अवसर पर भगवान नृसिंह देव के दर्शन लाभ और अनुष्ठानों में सहभागी बनने हेतु सपरिवार पधारें और दिव्य अनुभूति प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!