


नाबालिग किशोरी के साथ छेड़छाड़ और बदतमीजी कर रहे युवक को मना करने पर उसने चाकू से जान लेवा हमला कर दिया। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र के अटल आवास के पीछे अशोक नगर पानी टंकी मैदान का है। गुरुवार की शाम मोहल्ले में रहने वाला कान्हा यादव वहीं रहने वाली नाबालिग किशोरी के साथ छेड़छाड़ करते हुए विवाद कर रहा था। यह देखकर किशोरी के भाई ओमप्रकाश ध्रुव और उसके मित्र विकास यादव तथा पवन यादव ने बीच बचाव का प्रयास किया, जिस पर कान्हा यादव आग बबूला हो गया और उसने अपने पास मौजूद चाकू से तीनों पर हमला कर दिया। इस हमले में ओमप्रकाश ध्रुव, विकास यादव और पवन यादव तीनों को गंभीर चोट आई है , जिन्हें मौके पर मौजूद लोकेश दुबे, शिवम यादव द्वारा सिम्स में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि ओमप्रकाश ध्रुव के पेट के बाएं हिस्से में, विकास यादव के छाती और पेट में और पवन यादव के पेट में गंभीर चोट आई है। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है ।
तो वही सरकंडा थाना क्षेत्र में ही एक विवाहित महिला के साथ भी चाकू बाजी की घटना घटित हुई है। सरकंडा क्षेत्र के कालीबाड़ी गली में पेइंग गेस्ट के तौर पर रहने वाली 30 वर्षीय नीलू कश्यप एक बच्चे की मां भी है। बताया जा रहा है कि नीलू कश्यप अपने पति से अलग होकर पेइंग गेस्ट के तौर पर रहती थी, जिस पर सनत कश्यप नाम के युवक ने चाकू से हमला कर दिया। घायल युवती को भी सिम्स में इलाज के लिए भर्ती किया गया है। वहीं पुलिस आरोपी सनत कश्यप की तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि अपने पति से अलग होकर नीलू कश्यप इसी सनत कश्यप के साथ लिव इन रिलेशन में रह रही थी, जिसने किसी विवाद के बाद उस पर चाकू से जान लेवा हमला किया है।