3 करोड़ छत्तीसगढ़ वासियों की मन की बात पर आधारित घोषणा पत्र के जरिए भाजपा करेगी एक बार फिर सत्ता में वापसी – विजय बघेल

कैलाश यादव

सफलता के सभी साथी होते हैं। 15 साल छत्तीसगढ़ में राज करने के बाद पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा। उस वक्त सत्ता से बाहर रहने वाली कांग्रेस पार्टी ने अभूतपूर्व तरीके से जन घोषणा पत्र तैयार किया। पार्टी के नेता आम लोगों के बीच गए और उनके सुझावों से ऐसा जन घोषणा पत्र बनाया कि प्रदेश में 15 साल बाद उनकी जबरदस्त वापसी हुई।


अब सत्ता से बाहर भारतीय जनता पार्टी भी उसी राह पर है। आगामी चुनाव में घोषणा पत्र बनाने के पहले छत्तीसगढ़ भाजपा घोषणापत्र सुझाव अभियान चला रही है। 3 अगस्त से चलाए जा रहे इस अभियान में पार्टी के नेता सभी लोकसभा क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं। लोगों से सुझाव लेने के लिए सुझाव पेटीका बांटी गई है। प्रदेशवासी अपने सुझाव घोषणा पत्र समिति तक पहुंच सके इसके लिए व्हाट्सएप नंबर और ईमेल आईडी भी जारी की गई है। विधानसभा स्तर के गांव गांव जाकर सभी वर्गों से उनके सुझाव लिए जा रहे हैं, जिसमें सामाजिक, धार्मिक, व्यापारी, खेल और अन्य संगठन से जुड़े लोग भी शामिल है।


घोषणा पत्र समिति के संयोजक दुर्ग सांसद विजय बघेल बनाए गए हैं। इसी विषय पर जानकारी देने के लिए बुधवार को घोषणा पत्र समिति के संयोजक विजय बघेल भाजपा कार्यालय में प्रेस के सामने रूबरू हुए ।उन्होंने बताया कि प्रदेश के कोने-कोने से आम लोगों की समस्या और सुझाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने व्हाट्सएप नंबर 95486 56500 और मेल आईडी जारी किया है। उन्होंने बताया कि चुनाव घोषणा पत्र के लिए सीधी जनभागीदारी करके सरकार को जन भावनाओं के अनुरूप संचालित करना भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य है और इसी आधार पर आगामी विधानसभा चुनाव का भारतीय जनता पार्टी घोषणा पत्र तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के दुख दर्द को, छत्तीसगढ़ वासियों की तकलीफ को महसूस करने के लिए भारतीय जनता पार्टी यह अभियान चला रही है। उन्होंने 15 वर्षों के भाजपा शासन की तुलना मौजूदा कांग्रेस सरकार से करते हुए उन्हें हर मोर्चे पर विफल बताया। विजय बघेल ने कहा कि केंद्र की महत्वपूर्ण योजनाएं भी छत्तीसगढ़ में आकर विफल हो जाती है ।उन्होंने भूपेश बघेल सरकार को देश की सबसे भ्रष्ट सरकार भी कहा । जब उनसे सवाल किया गया कि क्या पार्टी को स्थानीय नेताओं पर भरोसा नहीं है क्योंकि भाजपा के बड़े नेताओं को बार-बार छत्तीसगढ़ का दौरा करना पड़ रहा है।

जवाब में विजय बघेल ने कहा कि कांग्रेस के भी दिग्गज नेता लगातार छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। उनके पदाधिकारियों के पदों में भी बदलाव हो रहा है। कांग्रेस अपना घर संभाले। उन्हें भाजपा के मामलों में दखल देने की आवश्यकता नहीं है। विजय बघेल ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ वासियों के सुझाव आधारित घोषणापत्र की रचना कर भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाएगी और छत्तीसगढ़ में खोई हुई समृद्धि और खुशहाली को वापस लाएगी । आपको बता दें कि बिलासपुर संभाग में जन घोषणा पत्र तैयार करने की जिम्मेदारी भी सांसद विजय बघेल को दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!