
शशि

बिलासपुर। शहर के व्यापार विहार क्षेत्र में ठगों ने एक व्यापारी को जल्दी अमीर बनने का लालच देकर ढाई लाख रुपये की ठगी कर ली। वारदात तारबहार थाना क्षेत्र में हुई, जहां जांजगीर-चांपा जिले के एक व्यापारी से नकदी से भरी थैली लेकर दो अज्ञात आरोपी फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है।
जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के रोकदा निवासी व्यापारी अपने बेटे और पोते के साथ साप्ताहिक बाजार के लिए सामान खरीदने बिलासपुर आए थे। वे पिकअप वाहन से व्यापार विहार पहुंचे थे और खरीदारी की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे दो अज्ञात व्यक्ति उनके पास पहुंचे और बातचीत शुरू कर दी।

पहले आरोपियों ने चावल खरीदने के लिए अच्छी दुकान के बारे में जानकारी मांगी। बातचीत के दौरान उन्होंने व्यापारी से अगरबत्ती लाने को कहा और फिर दावा किया कि वे उसे जल्द अमीर बना सकते हैं। आरोपियों ने कथित तौर पर किसी टोटके के नाम पर व्यापारी को अगरबत्ती लेकर 11 कदम आगे चलने के लिए कहा।
व्यापारी जैसे ही उनकी बातों में आकर आगे बढ़ा, दोनों ठगों ने मौके का फायदा उठाते हुए उसके पास रखी नकदी से भरी थैली उठा ली और फरार हो गए। बताया जा रहा है कि थैली में करीब ढाई लाख रुपये नकद थे, जिन्हें व्यापारी बाजार से सामान खरीदने के लिए साथ लेकर आया था।
कुछ देर बाद जब व्यापारी को ठगी का अहसास हुआ तो उसने अपने परिजनों के साथ आरोपियों की तलाश की, लेकिन तब तक वे वहां से निकल चुके थे। इसके बाद घटना की सूचना तारबहार पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर संदिग्ध आरोपी पैसे से भरी थैली लेकर जाते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे, चमत्कार, टोटके या जल्दी अमीर बनने के लालच में न आएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि इस प्रकार की ठगी की घटनाओं को रोका जा सके।
