

घर के सामने गली में पानी बहने के मामूली विवाद में पड़ोसी महिला और उसकी बेटी पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ग्राम पेंडारी के सतनामी पारा में रहने वाला मंगलू राम कुर्रे ऑटो चलाता है। घर में उसकी पत्नी शैल कुमारी कुर्रे और दो बेटियां सुचित्रा और शिवानी रहती है। सुचित्रा सेकंड ईयर में पढ़ती है और शिवानी फर्स्ट ईयर की छात्रा है। शनिवार शाम करीब 5:30 बजे उनका पड़ोसी जमुना प्रसाद अनंत का इनके साथ विवाद हो गया। विवाद में तैश में आकर जमुना प्रसाद ने कुल्हाड़ी निकालकर शैल कुमारी पर हमला कर दिया, जिससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी।

शैल कुमारी की बेटी सुचित्रा ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो जमुना प्रसाद ने उस पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे वह भी बुरी तरह जख्मी हो गयी।
घटना के वक्त मंगलू राम घर पर नहीं था। लोगों ने उसे घटना की सूचना दी तो वह भागा भागा घर पहुंचा और बेटी को अस्पताल ले गया। सुचित्रा को घायल अवस्था में सिम्स में भर्ती किया है गया है, तो वहीं इस हमले में शैल कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई । सकरी पुलिस ने मां बेटी पर हमला करने वाले 52 वर्षीय जमुना प्रसाद अनंत को गिरफ्तार कर लिया है। पता चला कि इन दोनों परिवार के बीच पुरानी रंजिश रही है। इससे पहले भी दोनों परिवार के बीच कई बार झगड़े हुए हैं।

