

बिलासपुर के एकमात्र सीट वार्ड क्रमांक 16 कुदुदंड विष्णु नगर उपचुनाव में बर्जेस स्कूल में मतगणना जारी है। दूसरे चक्र के बाद भी कांग्रेस प्रत्याशी की बढ़त कायम है। भाजपा पार्षद निधि जैन के निधन के बाद खाली हुए सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला है। यहां से कांग्रेस की अनीता कश्यप का सीधा मुकाबला पूर्व पार्षद स्वर्गीय निधि जैन की बेटी श्रद्धा जैन से है, तो वहीं 2009 में वार्ड की पार्षद रह चुकी निर्दलीय प्रत्याशी शैल यादव भी मुकाबले में बनी हुई है।

वार्ड में 8 मतदान केंद्र बनाए गए थे, यहां कुल 7717 मतदाताओं में से करीब 52% यानी 4027 लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया था, जिसमें 2015 महिलाएं और 2012 पुरुष मतदाता शामिल है। यहां कुल 8 मत पेटियों का इस्तेमाल किया गया था। 4 चक्रों में इसकी गणना की जा रही है। प्रत्येक टेबल पर एक मत पेटी के मतों की गणना की जा रही है। हर टेबल पर एक गणना पर्यवेक्षक और दो गणना सहायक ड्यूटी पर है। सुबह 8:00 बजे से यहां मतगणना आरंभ हो चुकी है ।

दूसरे चक्र के बाद कांग्रेस प्रत्याशी अनिता कश्यप को 799 , भाजपा की श्रद्धा को 712 और निर्दलीय शैल यादव को 466 वोट मिले हैं ।इस तरह पहले चक्र में 120 मतों से आगे चल रही कांग्रेस की अनिता कश्यप दूसरे चक्र में भी 87 वोटों से लीड बनाए हुए हैं। यहां मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच दिख रहा है। इस उपचुनाव में दोनों पार्टियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। एक तरफ जहां यह चुनाव कांग्रेस के लिए नाक का विषय है तो वहीं भाजपा भी अपना सीट बचाने के साथ इस सेमी फाइनल में हारना नहीं चाहती। भाजपा का दावा है कि चौथे चक्र तक हालात बदलेंगे और श्रद्धा जैन मुकाबला जीतेगी, तो वहीं कांग्रेसियों ने अभी से जीत का जश्न मनाना शुरू कर दिया है, हालांकि अभी दो राउंड की गिनती बाकी है। फिलहाल तीसरे राउंड की मतगणना जारी है।
