
आलोक मित्तल

वैसे तो उनका परिवार श्रीवास था, लेकिन मां ने बड़ी उम्मीद के साथ बेटे का नाम राज कपूर रखा था। उसे उम्मीद थी कि बेटा भी राज कपूर जैसा आदर्श और भोलाभाला निकलेगा लेकिन निकला क्या ? शराबी और शराब के लिए अपनी मां की पिटाई करने वाला नराधम।
अशोकनगर अटल आवास में रहने वाला राज कपूर श्रीवास आदतन शराबी है और वह अक्सर शराब के लिए पैसे ना देने पर अपनी मां की पिटाई करता है। घटना दिनांक को भी उसने यही किया। तंग आकर बुजुर्ग महिला ने इसकी शिकायत सरकंडा थाने में की थी। कलेजे पर पत्थर रखकर मां ने अपने बेटे की शिकायत की जिस पर कार्यवाही करते हुए सरकंडा पुलिस ने आरोपी राज कपूर श्रीवास को गिरफ्तार कर लिया।

इधर सरकंडा क्षेत्र में रहने वाली युवती ने आरोप लगाया था कि धूमा सिरगिट्टी में रहने वाले शिव कुमार यादव ने उसे जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया है। 21 जून को इसकी शिकायत सरकंडा थाने में की गई थी, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। आरोपी के संबंध में पुख्ता सूचना मिलने के बाद सरकंडा पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। इन कार्यवाहियों में थाना प्रभारी फैजुल होदा शाह के साथ थाना स्टाफ की विशेष भूमिका रही।
