भाजपा की महतारी हुंकार रैली में जुटे 50,000 से अधिक कार्यकर्ता, 3 किलोमीटर लंबी रैली का हुआ भव्य स्वागत, भाजपा नेता राज्य सरकार के खिलाफ जमकर बरसे

आलोक मित्तल

प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार ,महिला अपराध में बढ़ोतरी, महिला अधिकारों के हनन जैसे आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने शुक्रवार को महतारी हुंकार रैली का आयोजन किया। दोपहर करीब 1:30 बजे जगमाल चौक स्थित पटेल मैदान से रैली आरंभ हुई। इसके लिए प्रदेश भर से महिला कार्यकर्ता बिलासपुर पहुंची थी। अलग-अलग रूट से यह कार्यकर्ता सभा स्थल नेहरू चौक के लिए रवाना हुए।


वैसे तो भारतीय जनता पार्टी को जगमल चौक से गांधी चौक तक की रैली की अनुमति थी, लेकिन बग्घी और ट्रक रूपी रथ में यह रैली मुख्य बाजार से होते हुए सभा स्थल तक पहुंची। इस रैली में शामिल होने पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, बृजमोहन अग्रवाल, सरोज पांडे, केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह आदि भी पहुंचे थे। करीब 3 किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान जगह-जगह पुष्प वर्षा कर रैली का स्वागत किया गया। अनुमान के अनुसार इस रैली में 50,000 से अधिक कार्यकर्ता शामिल हुए। यह रैली जगमाल चौक से गांधी चौक, गोल बाजार , सदर बाजार होते हुए नेहरू चौक पहुंची। मुख्य वक्ता स्मृति ईरानी से पहले यहां सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कहा कि सभा में पहुंची भारी भीड़ राज्य सरकार के खिलाफ जनाक्रोश को प्रदर्शित कर रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की महिलाएं एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनाएंगी।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह ने कहा कि यह दहाड़ रैली है। उन्होंने पूर्ण शराबबंदी के मुद्दे पर भी राज्य सरकार को घेरा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि स्मृति ईरानी के बिलासपुर पहुंचने की खबर से ही कांग्रेसी कांप रहे हैं। यह डर जरूरी है क्योंकि स्मृति ईरानी ने ही कांग्रेस के सबसे बड़े नेता राहुल गांधी को अमेठी में हराया था।


भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस रैली को नाकाम करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। तमाम प्रशासनिक असहयोग के बावजूद जिस तरह से हजारों की संख्या में महिला कार्यकर्ता रैली में शामिल होने पहुंची , इससे प्रदेश सरकार के खिलाफ जनाक्रोश की पुष्टि हुई है और इसी जनाक्रोश ने सत्ता की उल्टी गिनती शुरू कर दी है। कुल मिलाकर इस सफल रैली और सभा के साथ भाजपा ने बिलासपुर में चुनावी शंखनाद कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!