अमर अग्रवाल इस बार नहीं मनाएंगे अपना जन्मदिन, शहर के मौजूदा हालात से दुखी होकर लिया निर्णय, इस दिन भाजपा नेताओं के साथ नेहरू चौक पर करेंगे धरना प्रदर्शन

ब्यूरो

पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने इस वर्ष अपना जन्मदिन नहीं मनाने का निर्णय लिया है, जिससे उनके समर्थकों में निराशा है। अग्रवाल के समर्थकों को हर साल 22 सितंबर की प्रतीक्षा रहती है । इस दिन उनके बंगले में जश्न का माहौल होता है ,तो वही पूरा शहर बधाईयो के बैनर- पोस्टर से पटा होता है। अखबार के पन्ने भी इसी रंग में रंगे रहते हैं, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। दरअसल अमर अग्रवाल ने बिलासपुर शहर में बिगड़ती कानून व्यवस्था, ठप विकास कार्य, भू माफियाओं की गुंडागर्दी, राजस्व सहित सभी विभागों में चरम पर भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर दुखी होकर अपना जन्मदिन तब तक नहीं मनाने का निर्णय लिया है , जब तक हालात पहले जैसे नहीं हो जाते।
अपने जन्मदिन पर पार्टी और समारोह का आयोजन करने की बजाय उन्होंने नेहरू चौक पर धरना प्रदर्शन का निर्णय लिया है। 22 सितंबर गुरुवार सुबह 11:00 बजे नेहरू चौक पर पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल के साथ भाजपा नेता राज्य सरकार के विरोध में धरना प्रदर्शन करेंगे। ऐसा बहुत कम हुआ है जब अमर अग्रवाल ने अपना जन्मदिन नहीं मनाया हो। कुछेक बार उनके शहर में ना रहने या फिर किसी और विशेष कारण से ऐसा भले हुआ हो लेकिन अधिकांश वर्षों में 22 सितंबर का दिन बिलासपुर के लिए खास हुआ करता था, जब सुबह से ही उनके बंगले पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहता।

पिछले विधानसभा के चुनाव के पहले तो उन्होंने भव्य स्तर पर अपना जन्मदिन मनाया था। युवाओं के लिए आयोजित कार्यक्रम में बोमन ईरानी पहुंचे थे तो वही रुकमणी परिसर में सुबह से लेकर रात तक जश्न मनाया गया । शहर वासियों के साथ अलग-अलग संगठनों के लोग उन्हें बधाई देने उमड़ पड़े थे। इस बार लोग इसे जरूर मिस करेंगे। पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल के जन्मदिन को लेकर उनके समर्थकों में खासा उत्साह रहता है। उनके द्वारा भी विभिन्न आयोजन किए जाते हैं, जो इस बार नहीं हो सकेंगे। प्रदेश और शहर की मौजूदा हालात से दुखी होकर ही उन्होंने अपना जन्मदिन नहीं मनाने का निर्णय लिया है। शायद वे यह संदेश देना चाहते हैं कि जब तक शहर और प्रदेश में भाजपा की वापसी ना हो जाए वह कोई जश्न नहीं मनाएंगे। उनके इस संकल्प को पूरा करने के लिए भाजपा कार्यकर्ता गुरुवार दोपहर को नेहरू चौक पर बड़ी संख्या में जुटेंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार और अपराध को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए मौजूदा सरकार को उखाड़ फेंकने का दावा किया है।

More From Author

बिलासपुर मंडल में लगातार यात्री ट्रेनों को रद्द किए जाने के विरोध में नागरिक सुरक्षा मंच ने रेलवे जोन कार्यालय का किया घेराव, 1 सप्ताह का दिया अल्टीमेटम , अन्यथा रेल रोकने की दी चेतावनी

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजू श्रीवास्तव के निधन पर जताया शोक, कहा, उनका जाना देश और कला जगत के लिए बड़ा नुकसान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *