

बिलासपुर। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय व जलशक्ति मंत्रालय के केंद्रीय राज्यमंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल 9 सितंबर को बिलासपुर के कोनी स्थित अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा देश की आजादी में किए गए अमिट योगदान को याद करेंगे। इस आयोजन में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है। गौरतलब है कि अमृत महोत्सव के तहत भारत सरकार द्वारा पूरे देश में स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया जा रहा है। भगवान बिरसा मुंडा जी की जन्म-जयंती को केंद्र सरकार द्वारा जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित किया गया है। इस कार्यक्रम में अटल बिहारी वाजपेई विश्व विद्यालय बिलासपुर से संबद्ध सभी महाविद्यालयों के अनुसूचित जनजाति समुदाय के विद्यार्थियों, प्राध्यापक सहित विश्व विद्यालय के समस्त प्राध्यापक अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी गण और क्षेत्र के अनुसूचित जनजाति वर्ग के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे.
