बिलासपुर में महिला कांग्रेस ने किया स्मृति ईरानी का पुतला दहन, कांग्रेस अध्यक्ष के साथ दुर्व्यवहार का लगाया आरोप

आलोक मित्तल

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के अपमान और फिर स्मृति ईरानी द्वारा माफी मांगने की मांग पर कांग्रेस अध्यक्ष के दुर्व्यवहार का मुद्दा थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी मुद्दे पर एक दिन पहले भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद अधीर रंजन चौधरी का पुतला फूंका था। अब जवाबी कार्यवाही में कांग्रेसियों ने स्मृति ईरानी का पुतला दहन किया । कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए बिलासपुर महिला कांग्रेस ने आज केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का पुतला दहन किया। इस दौरान पुतला दहन को लेकर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर झूमाझटकी भी हुई। हालांकि, महिला कांग्रेसी पुतला दहन करने में सफल रहीं। महिला कांग्रेसियों ने इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। महिला कांग्रेस ने कहा कि, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने लोकसभा में सोनिया गांधी के साथ पूरी नारी शक्ति का अपमान किया है। संस्कार की बात करने वाली भाजपा में स्मृति ईरानी जैसे लोग हैं जो महिलाओं का अपमान करते हैं। महिला कांग्रेस ने स्मृति ईरानी से इस्तीफा मांगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!