

बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र में दिशा मैदान से लौट रही एक नाबालिग बालिका के साथ छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के करीब 20 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से फरार था, जिसे सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर सिरगिट्टी से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम खैरा निवासी पीड़िता के परिजनों ने 8 जुलाई 2026 को रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसी दिन सुबह करीब 6:30 बजे नाबालिग बालिका घर के पीछे नीलगिरी प्लॉट में दिशा मैदान के लिए गई थी। वापस लौटते समय एक अज्ञात युवक पीछे से आया और उसका मुंह दबाकर बुरी नीयत से जमीन पर पटक दिया। बालिका द्वारा शोर मचाकर परिजनों को आवाज लगाने पर आरोपी अपनी पिकअप वाहन से मौके से फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों की मदद से आरोपी के वाहन का नंबर पता किया। वाहन नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान विजय कुमार साहू (26 वर्ष), पिता शिवकुमार साहू, निवासी सिरगिट्टी, बिलासपुर के रूप में हुई।
पुलिस ने सिरगिट्टी स्थित उसके घर पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, उपनिरीक्षक पवन सिंह, आरक्षक बिजेन्द्र रात्रे एवं धीरज कश्यप की विशेष भूमिका रही।
