

बिलासपुर। जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोनी पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने ग्राम बिरकोना में संचालित एक जुआ फड़ पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 20,700 रुपये नकद, 09 मोबाइल फोन, 52 पत्ती ताश और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध जुआ, सट्टा और ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में कोनी थाना पुलिस क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही थी।
इसी दौरान 20 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बिरकोना के टिकरीपारा स्थित हनुमान मंदिर के पास कुछ लोग 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर “काट पत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही कोनी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने नौ लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से 20,700 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, 09 मोबाइल फोन तथा ग्रे रंग की मोटरसाइकिल क्रमांक CG-10-EJ-9497 जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में राकेश कुमार बच्च, ईश्वर बंजारे, रंजीत डिडौरे, बिकेश्वर रायल, नवीन मान, अमित जायसवाल, अर्पित महिलांगे, समीर वर्मा और नेतराय बच्च शामिल हैं। आरोपी बिलासपुर शहर और आसपास के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 389/2026 के तहत धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा उनके विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक गिरफ्तारी की कार्रवाई करते हुए धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
