

बिलासपुर। सरकंडा पुलिस ने दुकान में नकबजनी की वारदात का चंद घंटों में खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 3 लाख रुपये मूल्य का चोरी गया पूरा सामान बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, चिंगराजपारा निवासी आशीष साहू (43) ने 16 जुलाई को थाना सरकंडा में शिकायत दर्ज कराई थी कि हर्ष किंगडम के सामने स्थित उनकी गोपाल किराना दुकान में 15 और 16 जुलाई की दरमियानी रात अज्ञात चोर ने पीछे का कुंदा उखाड़कर प्रवेश किया और गल्ले में रखे 2.50 लाख रुपये नकद, सैमसंग स्मार्ट वॉच, एयरफोन, चांदी के सिक्के व मूर्तियां तथा पैन कार्ड, आधार कार्ड और आरसी बुक सहित करीब 3 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली।
शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) एवं 305 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। जांच के दौरान सूचना मिली कि अशोक नगर शिव मंदिर के पास रहने वाला शुभम यादव (24) चोरी का सामान अपने पास छिपाकर रखा हुआ है।
पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर शुभम यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने नशे की हालत में रात के अंधेरे का फायदा उठाकर दुकान का ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 2.50 लाख रुपये नकद सहित चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार आर्य, सहायक उपनिरीक्षक भरत लाल राठौर, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह तथा आरक्षक आफाक खान, संजीव जांगड़े और विवेक राय की सराहनीय भूमिका रही।
