
शशि मिश्रा
बिलासपुर। शहर के एक अभिभावक ने कोचिंग संस्थान पर अग्रिम शुल्क लेकर वापस नहीं करने का आरोप लगाया है। मामले में तारबहार थाने में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता मनीष चांदोलिया निवासी नंदू गैरेज गली, तेलीपारा ने अपने आवेदन में बताया है कि उन्होंने अपने पुत्र चित्रानशु चांदोलिया के कक्षा 8वीं की कोचिंग के लिए लिंक रोड स्थित आकाश इंस्टिट्यूट में संपर्क किया था। उनके अनुसार संस्थान ने कुल 30 हजार रुपये फीस तय की थी, जिसमें 5 हजार रुपये अग्रिम और शेष 25 हजार रुपये पांच किस्तों में जमा करने की बात हुई थी।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि सभी आवश्यक दस्तावेज जमा कराने और 5 हजार रुपये अग्रिम लेने के बाद संस्थान अब पूरी 30 हजार रुपये की फीस एकमुश्त जमा करने का दबाव बना रहा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि उनकी आर्थिक स्थिति एकमुश्त राशि जमा करने की नहीं है। ऐसे में उन्होंने अपने बच्चे का प्रवेश नहीं कराने और अग्रिम राशि लौटाने का आग्रह किया, लेकिन संस्थान ने रकम वापस देने से इनकार कर दिया।
मनीष चांदोलिया ने इसे 5 हजार रुपये की ठगी बताते हुए कहा है कि अग्रिम राशि वापस नहीं मिलने से वह अपने पुत्र का दाखिला किसी अन्य कोचिंग संस्थान में भी नहीं करा पा रहे हैं, जिससे बच्चे की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका है।
शिकायतकर्ता ने तारबहार थाना प्रभारी को आवेदन सौंपकर मामले में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस द्वारा शिकायत की जांच की जा रही है। संस्थान की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

