
बिलासपुर। व्यापार विहार क्षेत्र में कम दाम पर किराना सामान उपलब्ध कराने और अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक युवक से करीब 15 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी व्यापारी अपनी पत्नी के साथ फरार हो गया है। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरकंडा के माता चौरा निवासी फणीन्द्र तिवारी (28) ने पुलिस को बताया कि मंगला के आजाद चौक में किराये के मकान में रहने वाले संतोष गुप्ता ने खुद को फैक्ट्री एजेंसियों से सीधे जुड़ा व्यापारी बताया था। उसने कम दाम में किराना सामान उपलब्ध कराने, अधिक लाभ दिलाने और सरकारी योजनाओं का फायदा दिलाने का भरोसा दिलाकर पहले उनका विश्वास जीता।
शिकायत के अनुसार, 20 दिसंबर 2025 को आरोपी ने 50 हजार रुपये नकद लेकर तय कीमत पर किराना सामान उपलब्ध कराया। इससे विश्वास बढ़ने पर उसने बाद में अलग-अलग किस्तों में नकद और ऑनलाइन माध्यम से कुल करीब 15 लाख रुपये ले लिए।
पत्नी की बीमारी का बहाना बनाकर हुआ फरार
जब सामान नहीं मिला तो फणीन्द्र तिवारी ने अपनी रकम वापस मांगनी शुरू की। इस पर 26 मार्च की सुबह संतोष गुप्ता ने फोन कर बताया कि उसकी पत्नी की तबीयत खराब है और वह दो दिन तक मोबाइल बंद रखेगा। इसके बाद वह उसी दिन अपने किराये के मकान से परिवार सहित सामान समेटकर फरार हो गया।
सुनियोजित तरीके से ठगी का आरोप
पीड़ित का कहना है कि 27 मार्च के बाद से आरोपी और उसकी पत्नी के मोबाइल फोन बंद हैं। आरोपी की साली से संपर्क करने पर भी कोई संतोषजनक जानकारी नहीं मिली। फणीन्द्र तिवारी ने आरोप लगाया कि उनके साथ सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी की गई है।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर फरार आरोपी और उसकी पत्नी की तलाश शुरू कर दी है।
