
बिलासपुर। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य को गति देते हुए अगले चरण में गेट नंबर-4 के सामने शेष हिस्से में नई भवन निर्माण के लिए 10 जुलाई से खुदाई शुरू की जाएगी। इसके चलते बुधवारी बाजार मेन रोड पर मुल्कराज होटल के सामने से स्टेशन के गेट नंबर-4 तक जाने वाला मुख्य मार्ग अस्थायी रूप से बंद रहेगा।
रेलवे प्रशासन के अनुसार गेट नंबर-4 तक पहुंचने वाले यात्रियों को एनई कॉलोनी के सामने से बुधवारी बाजार के पीछे वाले मार्ग का उपयोग करना होगा। वहीं शहर की ओर से आने वाले यात्रियों को स्टेशन में प्रवेश और निकासी के लिए मुख्य रूप से गेट नंबर-1 और गेट नंबर-2 का उपयोग करने की सलाह दी गई है। निर्माण कार्य के कारण संभावित असुविधा को देखते हुए यात्रियों से निर्धारित समय से पहले स्टेशन पहुंचने की अपील भी की गई है।
मार्गदर्शन के लिए लगाए जाएंगे सूचना बोर्ड
रेलवे प्रशासन ने बताया कि रूट डायवर्जन की जानकारी देने के लिए स्टेशन परिसर और पहुंच मार्गों पर विभिन्न स्थानों पर दिशा-सूचक पोस्टर एवं सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे। साथ ही यात्रियों की सहायता और मार्गदर्शन के लिए स्टेशन परिसर में टिकट चेकिंग स्टाफ तथा विशेष सहायता दल के जवान भी तैनात रहेंगे, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
