
बिलासपुर। तोरवा थाना पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने कॉलेज परिसर से कॉपर वायर एवं ट्रांसफार्मर ऑयल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया कॉपर वायर का बंडल, जिसकी अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये है, बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को चौकसे कॉलेज के स्टाफ सदस्य विकास चंद्रा ने थाना तोरवा में शिकायत दर्ज कराई थी कि कॉलेज परिसर में आपातकालीन विद्युत आपूर्ति के लिए रखे ट्रांसफार्मर ऑयल और कॉपर वायर की अज्ञात चोरों ने चोरी कर ली है। शिकायत पर थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 232/2026 के तहत धारा 303(2) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह के नेतृत्व में तोरवा पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच की। संदेह के आधार पर मस्तुरी क्षेत्र के तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिन्होंने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों में तरुण मनहर उर्फ राजा (36), निवासी रिस्दा, लाला उर्फ भगत केंवट (28), निवासी रिस्दा तथा यशवंत धीरज उर्फ राजा (26), निवासी पेंडरी, थाना मस्तुरी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया कॉपर वायर बरामद कर जप्त किया। तीनों आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
