
बिलासपुर। तोरवा पुलिस ने नशे की हालत का फायदा उठाकर युवक की मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और सोने की बाली चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पूरा सामान भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम ढेका निवासी श्रवण कुमार ने 27 जून को थाना तोरवा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह मुक्तिधाम के पास स्थित शराब भट्ठी के समीप नशे की हालत में था। इसी दौरान दो अज्ञात युवक उसे अपने साथ कुछ दूरी तक ले गए और उसकी पल्सर मोटरसाइकिल (सीजी-10 बीएन-7932), मोबाइल फोन तथा सोने की बाली चोरी कर फरार हो गए।
मामले में अपराध दर्ज कर थाना प्रभारी रजनीश सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने देवरीडीह निवासी अनीस मसीह (40) और देवरीखुर्द निवासी अरुण उर्फ गोलू नेताम (20) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी गई पल्सर मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और सोने की बाली बरामद कर ली गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। तोरवा पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
