
बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र में महिला से छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, देवरीडीह निवासी पीड़िता ने 29 जून को थाना तोरवा में शिकायत दर्ज कराई कि उसी दिन शाम करीब 7:30 बजे मोहल्ले के रहने वाले राम मोंगरे ने उस पर बुरी नीयत से हाथ और बांह पकड़कर छेड़छाड़ की। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने महिला द्वारा पहनी हुई लेगिंग भी फाड़ दी।
शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह के निर्देशन में पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। पेट्रोलिंग टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राम मोंगरे को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि महिला संबंधी अपराधों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई की जा रही है।
