
बिलासपुर। तिफरा स्थित ग्रैंड लोटस होटल में टेंट लगाने के दौरान करंट की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामले को होटल प्रबंधन की लापरवाही से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
सिम्स चौकी पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान चांटीडीह निवासी रौशन के रूप में हुई है। वह लंबे समय से विभिन्न होटलों और आयोजनों में टेंट लगाने का कार्य करता था। शुक्रवार को वह अपने साथियों के साथ ग्रैंड लोटस होटल में आयोजित कार्यक्रम के लिए टेंट लगाने पहुंचा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रौशन टेंट के लोहे के स्ट्रक्चर पर कपड़ा बांध रहा था। इसी दौरान जैसे ही उसने लोहे के पाइप को हाथ लगाया, उसमें प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गया और पाइप से चिपक गया। साथियों ने तत्काल उसे छुड़ाकर उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस की शुरुआती जांच और तकनीकी आकलन के मुताबिक, टेंट लगाने के दौरान वहां से गुजर रहे किसी खुले बिजली के तार या दोषपूर्ण विद्युत उपकरण के संपर्क में आने से लोहे का पाइप करंटयुक्त हो गया था। इसी कारण युवक हादसे का शिकार हुआ।
सिम्स चौकी प्रभारी सीके पाण्डेय ने बताया कि बिजली करंट से घायल रौशन नामक युवक को अस्पताल लाया गया था, लेकिन यहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। मामले की सूचना सिरगिट्टी थाना को भेज दी गई है और आगे की जांच जारी है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि करंट किस कारण से लोहे के पाइप में प्रवाहित हुआ और सुरक्षा मानकों में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं बरती गई। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
