

बिलासपुर। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। गुरुवार को रतनपुर और जरहाभाठा क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने चाकू लेकर घूम रहे आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की।
आम रास्ते में चाकू लहराकर लोगों को धमकाने वाला गिरफ्तार
रतनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक व्यक्ति को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस को सूचना मिली थी कि रेस्ट हाउस के पास एक व्यक्ति आम रास्ते पर चाकू लहराकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विष्णु यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बलजीत यादव (35 वर्ष) निवासी बेगूसराय, बिहार तथा वर्तमान में रतनपुर स्थित एक राइस मिल में कार्यरत होना बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक दिनेश कांत और आरक्षक बिजेंद्र रात्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
शेरनाच कार्यक्रम में चाकू लेकर पहुंचा युवक, थाने में खुद को किया घायल
दूसरा मामला जरहाभाठा क्षेत्र में आयोजित शेख खलील डल्ला नाच कार्यक्रम का है। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और चेकिंग के बीच पुलिस ने रामा कुर्रे को जेब में चाकू रखकर नाचते हुए पकड़ा। तलाशी में उसके पैंट की जेब से चाकू बरामद होने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर थाने लाकर लॉकअप में निरुद्ध कर दिया।
पुलिस के अनुसार, शाम करीब 6:44 बजे आरोपी से मिलने एक परिचित महिला और एक नाबालिग लड़का थाने पहुंचे थे। मुलाकात के कुछ समय बाद आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस पर दबाव बनाने की नीयत से अपने पास छिपाकर रखे ब्लेड के छोटे टुकड़े से अपने हाथ और सीने पर स्वयं वार कर लिया।
घटना के बाद पुलिस तत्काल उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। पुलिस का कहना है कि आरोपी को सतही चोटें आई हैं और वह पूरी तरह होश में है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसने ब्लेड का टुकड़ा अपने मुंह के किनारे छिपाकर रखा था, जिसका उपयोग उसने स्वयं को घायल करने में किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। मामले में अलग से वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आरोपी से मिलने आई महिला और उसके साथ आए नाबालिग की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर हथियार लेकर घूमने, लोगों को डराने-धमकाने और कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
