
बिलासपुर। सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लेकर लोगों में भय का माहौल पैदा कर रहे एक आदतन बदमाश को तोरवा पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 23 जून 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक काजल धनंजय एवं पुलिस स्टाफ क्षेत्र में पेट्रोलिंग और अड्डेबाजों की जांच कर रहे थे।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बोलबम चौक के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है, जिससे क्षेत्र में भय और अशांति का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में उसकी पहचान बलबीर ध्रुव (25 वर्ष) निवासी साईं मंदिर के पास, तोरवा के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 346/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 24 जून 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अड्डेबाजों एवं बदमाशों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
