
बिलासपुर में चाकू बाजी के साथ रेप के मामले भी अचानक से बढ़ गए हैं। इसी बीच तोरवा थाना क्षेत्र में 13 साल की बच्ची के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। 13 साल की लड़की तोरवा क्षेत्र की रहने वाली है । वह दो-तीन दिन से घर से गायब थी। परिजनों ने काफी तलाश के बाद किसी अनहोनी की आशंका पर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस अपहरण का केस दर्ज कर बालिका की तलाश कर रही थी। इसी बीच स्टेशन के करीब बदहाल अवस्था में लड़की मिली। पुलिस ने परिजनों को थाने बुलाकर उसकी पहचान कराई।
पूछताछ में लड़की ने बताया कि उसका एक परिचित नाबालिग लड़का उसे अपने साथ घूमने के बहाने बहलाफुसला कर ले गया था। बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास उसके दो और दोस्त मौजूद थे। सुनसान जगह का फायदा उठाकर तीनों ने मिलकर उसके साथ गैंगरेप किया। लड़की ने विरोध किया तो तीनों ने जान से मारने की धमकी दी । पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया है। इसके बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर लिया गया है। इस मामले में पुलिस ने पहले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया, फिर उसकी निशानदेही पर बाकी अन्य दो को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप और पोक्सो एक्ट की धारा लगाई गई है।
