जिला अस्पताल के सामने चाकू लहराकर लोगों को धमकाने वाला गिरफ्तार

बिलासपुर। तारबाहर पुलिस ने अवैध रूप से धारदार चाकू लेकर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक नग धारदार चाकू जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जिला अस्पताल के सामने एक व्यक्ति शराब के नशे में हाथ में चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है।

सूचना मिलते ही तारबाहर थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी मनोज कुमार गुप्ता (33) निवासी चिंगराजपारा, बिलासपुर को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद हुआ, जिसे जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामनरेश यादव सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!