यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती बढ़ेगी, डीआईजी-एसएसपी ने ली विशेष बैठक

बिलासपुर, 6 जून। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने शुक्रवार को यातायात पुलिस के टैंगो कर्मियों और विभिन्न थानों के विवेचकों की विशेष बैठक ली। बैठक में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में आईटीएमएस, नेक्स्ट जेन एम परिवहन प्रणाली, पीओएस मशीन और बॉडी वॉर्न कैमरा के नवीनतम संस्करणों के संबंध में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। चालानी कार्रवाई को अधिक पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के लिए डिजिटल संसाधनों के उपयोग पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में संचालित बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात जागरूकता और बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि यातायात पुलिस द्वारा ट्रैफिक एजुकेशन, ट्रैफिक इंजीनियरिंग, ट्रैफिक एनफोर्समेंट और ट्रैफिक इमरजेंसी सर्विस के तहत लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए ड्राइविंग, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने, सिग्नल जंपिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने, नो-पार्किंग, मॉडिफाइड साइलेंसर और नो-एंट्री उल्लंघन जैसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा निर्धारित गति सीमा और लेन अनुशासन का पालन कर स्वयं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!