मस्तूरी: नाबालिग से छेड़खानी करने वाला मकान मालिक 24 घंटे में गिरफ्तार, पुणे भगाने की फिराक में था आरोपी

मस्तूरी/मल्हार।
थाना मस्तूरी के अंतर्गत चौकी मल्हार पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छेड़खानी के एक मामले में आरोपी मकान मालिक को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पूर्व में भी छेड़छाड़ के मामले में संलिप्त रह चुका है और इस बार वह नाबालिग पीड़िता को जबरन पुणे ले जाने की जिद कर रहा था।

मजदूरी करने आए मिस्त्री की बेटी पर नियत खराब

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने माता-पिता के साथ रोजी-मजदूरी के काम पर जाती थी। वहां के मकान मालिक रंजीत कुमार टंडन (पिता राधेश्याम टंडन, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम बिनेका, थाना मस्तूरी) की नियत नाबालिग बच्ची पर खराब थी।

हाथ पकड़कर किया किस, पुणे भागने का था प्लान

दिनांक 5 जून 2026 को पीड़िता ने चौकी मल्हार में एक लिखित आवेदन प्रस्तुत कर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक, बीती 15 मई 2026 को आरोपी मकान मालिक ने नाबालिग बच्ची को अपने पास बुलाया और उसे साथ में पुणे घूमने चलने की बात कही। इसी दौरान आरोपी ने जबरन उसका हाथ पकड़ लिया और उसे किस (चुंबन) कर दिया।
पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रंजीत कुमार टंडन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर पुणे भगाने की फिराक में था।

पुराना संदेही है आरोपी, भेजा गया जेल

पुलिस ने बताया कि आरोपी रंजीत कुमार टंडन के खिलाफ पूर्व में भी छेड़खानी की शिकायतें आ चुकी हैं और उस पर पहले भी कार्रवाई की जा चुकी है। आदतन अपराधी होने के कारण पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे गिरफ्तार किया और माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई में मल्हार चौकी के उप निरीक्षक अवधेश सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज और आरक्षक श्यामलाल सोनवानी की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!