
शशि मिश्रा

जांजगीर-चांपा। जिले में मोबाइल और नकदी झपटने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों और दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटमारी के पांच मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल तथा 1,900 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार मोहरियामुड़ा निवासी विरेंद्र कुमार 28 मई की रात अपने साथी के साथ नैला से मोटरसाइकिल पर घर लौट रहा था। रात करीब 11:30 बजे पहरिया के आगे तालाब के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार युवकों ने उनकी बाइक रोक ली। आरोपियों ने झपटमारी कर बैग में रखे तीन मोबाइल फोन और 40 हजार रुपये नकद लूट लिए तथा फरार हो गए। पीछा करने के दौरान पीड़ित और उसका साथी बाइक से गिरकर घायल हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर बलौदा थाना में अपराध क्रमांक 245/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटना स्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा साइबर तकनीक की मदद से आरोपियों की पहचान की। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में बलवेदव सूर्या निवासी औराईखुर्द दर्राभाठा (चौकी नैला), पंकज यादव निवासी करमंदी बड़ा पारा (चौकी नैला), लखन कंवर एवं राकेश यादव निवासी कचौरा (थाना उरगा, कोरबा) तथा दुर्गेश सिंह निवासी नवापारा (थाना उरगा, कोरबा) शामिल हैं। इसके अलावा दो नाबालिगों को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है।
इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, बलौदा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा सहित साइबर सेल और चौकी पंतोरा के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
