
बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम टिकारी में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार टिकारी निवासी विवेक बंजारे (17) अपने बड़े भाई के दशगात्र कार्यक्रम का निमंत्रण रिश्तेदारों को देकर बाइक से गांव लौट रहा था। इसी दौरान ईंट से भरे एक तेज रफ्तार माजदा वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विवेक की मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। बताया जा रहा है कि विवेक के बड़े भाई की भी करीब 10 दिन पहले दूसरे राज्य में हुए एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। परिवार अभी उस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि एक और हादसे ने पूरे परिवार को शोक में डुबो दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। मुआवजे और उचित कार्रवाई की मांग को लेकर उन्होंने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम शुरू कर दिया। इससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात करीब दो घंटे तक बाधित रहा।
सूचना मिलने पर मस्तूरी पुलिस और तहसीलदार शिल्पा भगत मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाइश दी तथा प्रशासन की ओर से तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। साथ ही नियमानुसार आगे भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
