

बिलासपुर। रेलवे स्टेशन के पास स्थित बुधवारी बाजार में गुरुवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग सबसे पहले जय हिंद साइकिल स्टोर में लगी, जिसके बाद तेजी से फैलती हुई आसपास की कपड़ा दुकानों तक पहुंच गई। देर रात तक दमकलकर्मी, पुलिस और स्थानीय व्यापारी आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 10 बजे साइकिल दुकान से धुआं और लपटें उठती दिखाई दीं। दुकान में बड़ी मात्रा में साइकिल पार्ट्स, टायर और रबर ट्यूब जैसी ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।
आग फैलने से आसपास स्थित दीदी गारमेंट्स और डॉली ड्रेसेस सहित अन्य कपड़ा दुकानों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। देर रात तक नुकसान का आकलन नहीं हो सका था, लेकिन व्यापारियों के अनुसार करोड़ों रुपये की संपत्ति प्रभावित हो सकती है।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि बुधवारी बाजार की संकरी गलियों के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके बाद लंबी पाइप लाइन बिछाकर आग बुझाने का कार्य किया गया।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि रेलवे परिक्षेत्र के भीतर स्थित बुधवारी बाजार में लगभग हर वर्ष गर्मी के मौसम में आगजनी की घटनाएं सामने आती रही हैं। इसके बावजूद बाजार क्षेत्र में आग से बचाव और नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने पर व्यापारी वर्ग सवाल उठा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घनी आबादी और एक-दूसरे से सटी दुकानों के कारण एक दुकान में लगी आग तेजी से अन्य दुकानों तक फैल जाती है। इस बार भी यही स्थिति देखने को मिली, जिससे कई व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाने की आशंका है।
फिलहाल दमकल विभाग द्वारा आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने और नुकसान का आकलन करने का कार्य जारी है।
