

बिलासपुर। थाना तोरवा पुलिस ने महिला की फोटो एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने और उसकी छवि धूमिल करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को सक्ती जिले से पकड़कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 4 जून 2026 को एक महिला ने थाना तोरवा में शिकायत दर्ज कराई कि उसके परिचित चुकेन्द्र साहू उर्फ प्रांशु (30 वर्ष), निवासी अड़भार, थाना मालखरौदा, जिला सक्ती ने उसकी फोटो को एडिट कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिया है। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने महिला को बदनाम करने और उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की नीयत से यह कृत्य किया।
मामला महिला संबंधी अपराध से जुड़ा होने के कारण तोरवा पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की लोकेशन मालखरौदा क्षेत्र में ट्रेस की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 290/2026 के तहत धारा 77 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं धारा 67 आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला संबंधी अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जा रही है तथा सोशल मीडिया के दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
