

बिलासपुर। मुख्यमंत्री ने सुशासन तिहार के अंतर्गत बिलासपुर के हेमूनगर में आयोजित जनसमस्या निवारण एवं विकास कार्यों से जुड़े शिविर में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने जिले को बड़ी विकासात्मक सौगात देते हुए 134 करोड़ 4 लाख रुपए से अधिक की लागत के 24 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री द्वारा 18 करोड़ 59 लाख रुपए से अधिक की लागत वाले 7 कार्यों का लोकार्पण तथा 115 करोड़ 46 लाख रुपए से अधिक की लागत के 17 विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर शिविर स्थल पर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। विशेष रूप से भाजपा पूर्वी मंडल के अध्यक्ष राकेश लालवानी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंच पर पहुंचकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का विशाल गजमाला पहनाकर आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर पूर्वी मंडल अध्यक्ष राकेश लालवानी की सक्रिय भूमिका विशेष रूप से चर्चा में रही। उनके नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए और मुख्यमंत्री के प्रति सम्मान एवं स्वागत का भाव व्यक्त किया। राकेश लालवानी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास और सुशासन की नई दिशा स्थापित हो रही है तथा बिलासपुर को मिली विकास परियोजनाएं क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

मुख्यमंत्री के स्वागत कार्यक्रम में भाजपा संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इनमें प्रमुख रूप से प्रवीर सेन (मंडल प्रभारी), आशुतोष शर्मा (महामंत्री), नितिन छाबड़ा (व्यापारी प्रकोष्ठ संयोजक), चंदन यादव, विकास सलूजा, भुनेश्वर कश्यप, ओमकांत तिवारी, राहुल सिंह, देवाशीष दत्त, सनी वाधवानी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार सुशासन, जनकल्याण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं तथा अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
हेमूनगर में आयोजित इस शिविर में विकास कार्यों की सौगात के साथ-साथ भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया भव्य स्वागत भी आकर्षण का केंद्र रहा। विशेषकर पूर्वी मंडल अध्यक्ष राकेश लालवानी के नेतृत्व में हुए स्वागत कार्यक्रम ने संगठन की सक्रियता और मुख्यमंत्री के प्रति कार्यकर्ताओं के उत्साह को प्रदर्शित किया। मुख्यमंत्री ने भी कार्यकर्ताओं के स्नेह और स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया।

